सिरमौर पुलिस का ड्रग्स माफिया पर कड़ा प्रहार हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस ने अपनी मुहिम तेज कर दी है। पांवटा साहिब पुलिस की स्पेशल डिटेक्शन टीम ने एक बड़े अंतर्राज्यीय ड्रग नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से दो और मुख्य तस्करों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस की इस बैकवर्ड लिंकेज जांच ने यह साफ कर दिया है कि नशे की जड़ें पड़ोसी राज्यों तक गहरी फैली हुई हैं।
सहारनपुर से दबोचे गए नए आरोपी और भारी रिकवरी मामले की तह तक जाते हुए पुलिस की टीम ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के रहने वाले शाकिब (निवासी चिलकाना) और बॉबी कुमार (निवासी अतरगढ़) को धर दबोचा। तलाशी के दौरान आरोपी बॉबी कुमार के कब्जे से 3600 नशीले कैप्सूल और 600 नशीली गोलियां बरामद की गईं। इन दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है, ताकि इस सिंडिकेट के अन्य मास्टरमाइंड्स का पता लगाया जा सके।कैसे खुला इस बड़े नेटवर्क का राज? इस पूरे मामले की शुरुआत तब हुई जब पुलिस ने पहले दो अन्य आरोपियों, आमिर और मोहम्मद नवाज को भारी खेप के साथ गिरफ्तार किया था। उनके पास से 11,040 नशीले कैप्सूल और 4,200 नशीली गोलियां मिली थीं। हिरासत में हुई कड़ी पूछताछ के आधार पर पुलिस की कड़ियों से कड़ियाँ जुड़ती गईं और टीम सीधे सहारनपुर के इन सप्लायर्स तक पहुँच गई।
अब तक की कुल बरामदगी और एसपी का बयान एसपी सिरमौर, एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस अब तक इस पूरे प्रकरण में कुल 14,640 नशीले कैप्सूल और 4,800 नशीली गोलियां जब्त कर चुकी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस केवल छोटे तस्करों तक ही सीमित नहीं रहेगी, बल्कि नशे के इस पूरे सिंडिकेट को जड़ से खत्म करने के लिए हर संभावित लिंक और ‘कुंडली’ खंगाली जा रही है।
By Dhruv Sharma
