हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के हमीरपुर डिपो में एक ऐसी घटना घटी है जिसने यात्री सुरक्षा और कर्मचारी अनुशासन पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। बीते मंगलवार को गलोड़ से शिमला जा रही बस के चालक ने घुमारवीं के पास अचानक बस खड़ी की और सवारियों को मझधार में छोड़कर वहां से चंपत हो गया। बीच रास्ते में चालक के इस तरह भाग जाने से यात्रियों को भारी मानसिक और शारीरिक परेशानी झेलनी पड़ी, जिसके बाद प्रबंधन ने इसे ड्यूटी में गंभीर लापरवाही और अनुशासनहीनता का मामला माना है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए निगम प्रबंधन ने त्वरित एक्शन लेते हुए आरोपी चालक जुम्मी मोहम्मद (निवासी बरठीं कोटलू) को नौकरी से निलंबित (Suspend) कर दिया है। निलंबन की कार्रवाई के साथ ही उन्हें हमीरपुर स्थित डीएम कार्यालय में अटैच कर दिया गया है। विभाग अब इस बात की विभागीय जांच कर रहा है कि आखिर ऐसी क्या मजबूरी या मंशा थी, जिसके कारण चालक ने चलती बस को गंतव्य से पहले ही छोड़ दिया। इस कड़े फैसले से विभाग ने साफ कर दिया है कि जनता की सेवा में कोताही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जाएगा।
By Dhruv Sharma
