शिमला जिले के कोटखाई क्षेत्र के बागी (शगलटा गांव) में बीती रात उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब गहरी नींद में सो रहे एक परिवार का आशियाना अचानक आग की लपटों में घिर गया। घटना रात करीब 2:30 बजे की है, जब मोही राम ओकटा के पुत्र रजनीश ओकटा के घर में संदिग्ध परिस्थितियों में आग भड़क उठी। सूखी लकड़ी और तेज हवाओं के कारण आग ने चंद मिनटों में इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पुलिस चौकी बागी और थाना कोटखाई की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला, लेकिन तब तक आग सब कुछ अपनी आगोश में ले चुकी थी।
प्रारंभिक जांच में इस तबाही की मुख्य वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि इस खौफनाक मंजर के बीच गनीमत यह रही कि परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित हैं और किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। लेकिन संपत्ति के मामले में यह घाव गहरा है; प्रशासन के शुरुआती आंकलनों के अनुसार, इस अग्निकांड में घर और भीतर रखा सारा कीमती सामान जलकर खाक हो गया है, जिससे लगभग एक करोड़ रुपए का भारी नुकसान हुआ है। कोटखाई पुलिस ने घटना का मामला दर्ज कर लिया है और तफ्तीश जारी है ताकि आग लगने के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके।
By Dhruv Sharma
