हमीरपुर जिला मुख्यालय में डीसी ऑफिस के साथ लगते मृदुल चौक के पास स्थित एक स्लेटपोश मकान में गुरुवार दोपहर अचानक आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते मकान के तीन कमरे पूरी तरह जलकर राख हो गए। इस हादसे में मकान मालिकों को करीब 10 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृदुल चौक के सामने टिम्बर डिपो के पास बने इस मकान से अचानक धुआं और आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। आग की सूचना मिलते ही डीसी अमरजीत सिंह, एसपी बलबीर सिंह और एडीसी अभिषेक गर्ग सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। डीसी अमरजीत सिंह ने बताया कि ऑफिस से धुआं उठता देख वह स्वयं स्थिति का जायजा लेने पहुंचे थे।स्थानीय लोगों की सूचना पर अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना मुख्य सड़क के किनारे होने के कारण कुछ समय के लिए हमीरपुर–सुजानपुर हाईवे पर यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।पुलिस के अनुसार आग राकेश कुमार और विनोद कुमार पुत्र तुलसी राम के मकान में लगी, जहां कश्मीरी मजदूर किराए पर रह रहे थे। राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ और सभी मजदूर सुरक्षित हैं, हालांकि उनका सारा सामान और मकान का ढांचा पूरी तरह जल गया।मकान मालिकों ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। वहीं डीसी अमरजीत सिंह ने संबंधित विभागों को नुकसान का आकलन कर प्रभावित परिवार को मुआवजा और फौरी राहत देने के निर्देश दिए हैं। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
By Dhruv Sharma
